2026-05-19 23:36:51
हरियाणा / भव्य खबर । चंडीगढ़ में मंगलवार को हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने हरियाणा पर्यटन निगम की प्रबंध निदेशक ममता शर्मा के साथ प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि राज्य सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा उसे पर्यटन के ज़रिए नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि विरासत स्थलों और पर्यटन स्थलों के संरक्षण, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण पर सरकार 100 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च कर रही है, ताकि ऐतिहासिक धरोहरों को न केवल सहेजा जा सके बल्कि आमजन को उनके महत्व से भी अवगत कराया जा सके।
डॉ. शर्मा ने जानकारी दी कि विश्व पर्यटन दिवस 2024 के अवसर पर पहली बार आयोजित हेरिटेज वॉक को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद अब दूसरी हेरिटेज एंड सिटी वॉक का आयोजन 30 मई 2026, शनिवार को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक किया जाएगा। इस बार प्रदेश के छह प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का चयन किया गया है, जहां विशेषज्ञ गाइड पर्यटकों को इन स्थलों के इतिहास और महत्व की विस्तृत जानकारी देंगे।
इन स्थानों में पिंजौर का यादविंद्रा गार्डन, गुरुद्वारा मंजी साहिब, भीमा देवी मंदिर स्थल संग्रहालय, धारामंडल पिंजौर और प्राकृतिक बावड़ी शामिल हैं। इसके अलावा मोरनी हिल्स स्थित ऐतिहासिक मोरनी किला, कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर तीर्थ, विराट स्वरूप और महाभारत अनुभव केंद्र, सूरजकुंड क्षेत्र में असोला-भाटी वन्यजीव अभ्यारण्य, रेवाड़ी में सैंडपाइपर टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स तथा बड़ा तालाब, और बल्लभगढ़ में राजा नाहर सिंह महल व रानी की छतरी का भ्रमण कराया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि हेरिटेज एंड सिटी वॉक में भाग लेने के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसमें प्रतिभागियों को पेयजल, चाय-कॉफी, टोपी और रिफ्रेशमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को अपने आसपास की ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ना है, जिससे न केवल लोगों में अपनी संस्कृति और इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि प्रदेश में पर्यटन को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।