2026-05-19 23:22:24
हरियाणा / भव्य खबर । हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने राज्य की जनता को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब हरियाणा राज्य परिवहन की सभी एचवीएसी बसें जलपान के लिए केवल हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकृत ढाबों पर ही रोकी जाएंगी।
इस संबंध में परिवहन विभाग के महानिदेशक द्वारा सभी महाप्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और मानक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर वातावरण में जलपान की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकृत ढाबे गुणवत्ता और स्वच्छता के सरकारी मानकों के अनुसार संचालित होते हैं, जिससे यात्रियों को अधिक विश्वसनीय सेवाएं प्राप्त होंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब हरियाणा क्षेत्र में किसी भी स्थिति में एचवीएसी बसों को निजी ढाबों पर नहीं रोका जाएगा। इसके लिए सभी चालक और परिचालकों को सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अनिल विज ने कहा कि यदि किसी स्तर पर इन निर्देशों की अवहेलना पाई जाती है तो संबंधित चालक या परिचालक के खिलाफ विभागीय नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग में अनुशासन, पारदर्शिता और यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी जनहित में इसी तरह के निर्णय लिए जाते रहेंगे।