भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के आयोजन के लिए कैट और आईटीपीओ के बीच ऐतिहासिक समझौता

देश के व्यापारिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए CAT और ITPO के बीच “भारतीय व्यापार महोत्सव 2026” के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
News

2026-05-14 00:51:44

नई दिल्ली / भव्य खबर । देश के व्यापारिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए Confederation of All India Traders (कैट) और India Trade Promotion Organisation (आईटीपीओ) के बीच “भारतीय व्यापार महोत्सव 2026” के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह भव्य महोत्सव 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारत के व्यापार, उद्योग और उद्यमिता की व्यापक क्षमता का प्रदर्शन होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लगातार स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने के आह्वान के अनुरूप इस महोत्सव की थीम “मेड इन इंडिया, मेड फॉर इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड” रखी गई है। महोत्सव का उद्देश्य देश के व्यापारियों, उद्योगपतियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, निर्यातकों, कारीगरों, महिला उद्यमियों और युवा उद्यमियों को एक साझा राष्ट्रीय और वैश्विक मंच उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि यह भारतीय व्यापार जगत के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि पहली बार देश का सबसे बड़ा व्यापारी संगठन कैट और भारत सरकार की प्रमुख व्यापार संवर्धन संस्था आईटीपीओ मिलकर इतने बड़े स्तर पर व्यापार और उद्योग को वैश्विक मंच प्रदान करने जा रहे हैं।

प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि “भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति, उद्यमिता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का विराट प्रदर्शन होगा। यह महोत्सव भारतीय व्यापार को नई दिशा, नए अवसर और वैश्विक पहचान प्रदान करेगा।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल”, “मेक इन इंडिया”, “आत्मनिर्भर भारत” और “लोकल टू ग्लोबल” विज़न को आगे बढ़ाने में यह महोत्सव महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और देश-विदेश में भारतीय वस्तुओं एवं सेवाओं को बड़े व्यापारिक अवसर दिलाने में सहायक बनेगा।

महोत्सव की प्रमुख विशेषताओं में 1,000 से अधिक भारतीय उत्पादों के स्टॉल, 2 लाख से अधिक व्यापारिक प्रतिनिधियों की भागीदारी, 10 लाख से अधिक आगंतुकों के आने की संभावना तथा 5,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की उपस्थिति शामिल होगी। इसके अलावा केंद्र सरकार और विभिन्न राज्य सरकारों के स्टॉल के माध्यम से व्यापार और उद्योग के लिए उठाए जा रहे कदमों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

इस व्यापार महोत्सव में एमएसएमई, स्टार्टअप्स, कृषि, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्नोलॉजी, टेक्सटाइल, हस्तशिल्प, ऑटोमोबाइल, लाइफस्टाइल और डिजिटल कॉमर्स सहित कई क्षेत्रों की भागीदारी देखने को मिलेगी। साथ ही विशाल प्रदर्शनी, बी2बी और बी2जी बैठकें, ग्लोबल बायर-सेलर मीट, निवेशक सम्मेलन, स्टार्टअप शोकेस, नीति संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और “शार्क टैंक” शैली के विशेष निवेशक पिचिंग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

खंडेलवाल ने कहा कि यह महोत्सव भारत के व्यापार और उद्योग को वैश्विक बाजारों से जोड़ने, निर्यात को बढ़ावा देने, एमएसएमई और स्टार्टअप्स को नई पहचान दिलाने तथा भारत को विश्व व्यापार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने देशभर के व्यापारिक संगठनों, उद्योग समूहों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, कॉर्पोरेट्स और राज्य सरकारों से इस ऐतिहासिक आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion