तेल संकट और वैश्विक हालात के बीच साइकिल पर निकले सहकारिता मंत्री डॉ. अरविन्द शर्मा, दिया जनजागरूकता का संदेश

हरियाणा सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा गुरुवार को एक अनोखे अंदाज़ में नज़र आए। पंचकूला के डॉल्फिन चौक से प्रदेश भाजपा कार्यालय पंचकमल तक का सफर उन्होंने साइकिल पर तय किया।
News

2026-05-14 10:15:50

हरियाणा / भव्य खबर । हरियाणा सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा गुरुवार को एक अनोखे अंदाज़ में नज़र आए। पंचकूला के डॉल्फिन चौक से प्रदेश भाजपा कार्यालय पंचकमल तक का सफर उन्होंने साइकिल पर तय किया। उनके साथ नगर पालिका सांपला के नवनिर्वाचित चेयरमैन प्रवीण कोच भी साइकिल चलाते नजर आए। मंत्री का यह कदम जहां पर्यावरण संरक्षण और फिट इंडिया अभियान का संदेश दे रहा है, वहीं इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील भी एक बड़ी वजह बताई जा रही है।

पीएम की अपील बनी प्रेरणा, पश्चिम एशिया संकट का असर

गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया (वेस्ट एशिया) में उत्पन्न संकट के मद्देनज़र देशवासियों से ईंधन की खपत में कटौती करने की अपील की थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ रहे दबाव और आपूर्ति श्रृंखला पर असर को देखते हुए पीएम मोदी ने जनता से आग्रह किया था कि वे अपने स्तर पर ईंधन की बचत करें और जहां संभव हो, वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें। डॉ. अरविंद शर्मा का साइकिल से कार्यक्रम में पहुंचना इसी अपील का व्यावहारिक रूप माना जा रहा है।

सांपला की जिम्मेदारी निभाई, अब साथ लाए चेयरमैन को भी

उल्लेखनीय है कि निकाय चुनावों के दौरान सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को सांपला नगर पालिका की जिम्मेदारी प्रभारी के रूप में सौंपी गई थी। यह क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता रहा है, जहां भाजपा के लिए जीत दर्ज करना आसान काम नहीं था। लेकिन डॉ. अरविंद शर्मा ने अपनी रणनीति, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद और ज़मीनी मेहनत के बल पर सांपला नगर पालिका में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई। यही वजह रही कि सम्मान समारोह में डॉ. शर्मा अपने प्रभार वाले क्षेत्र के नवनिर्वाचित चेयरमैन प्रवीण कोच को साइकिल पर साथ लेकर पहुंचे, जो उनके और संगठन के बीच के मज़बूत तालमेल को भी दर्शाता है।

निकाय चुनाव सम्मान समारोह का आयोजन

पंचकमल में आयोजित इस कार्यक्रम में हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों में नवनिर्वाचित मेयर और चेयरमैन का सम्मान किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया तथा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की उपस्थिति रहे।

सिर्फ प्रतीक नहीं, राजनीतिक संदेश भी

डॉ. अरविंद शर्मा का साइकिल से पहुंचना केवल व्यक्तिगत पहल नहीं है, बल्कि इसे प्रधानमंत्री मोदी के फिट इंडिया, पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और जनभागीदारी के संदेश को ज़मीन पर उतारने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा लगातार यह संदेश देने का प्रयास कर रही है कि सरकार और संगठन केवल नीतियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जनहित के अभियानों को स्वयं अपनाकर उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहे हैं।

हुड्डा के गढ़ को फतेह करने के बाद बढ़ा उत्साह

राजनीतिक दृष्टि से भी इस कदम को अहम माना जा रहा है। हुड्डा के गढ़ सांपला को फतेह करने के बाद आयोजित इस सम्मान समारोह में मंत्री का साइकिल से पहुंचना कार्यकर्ताओं में नया जोश भर रहा है। निकाय चुनावों में मिली जीत के बाद डॉ. अरविंद शर्मा ने इस अंदाज़ से कार्यकर्ताओं और आमजन को सादगी, अनुशासन और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का स्पष्ट संदेश दिया है। भाजपा इसे विकास के साथ जिम्मेदार जीवनशैली के मॉडल के रूप में प्रस्तुत कर रही है।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion