2026-05-18 18:15:16
चंडीगढ़/ भव्य खबर। हरियाणा सरकार राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है। परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि चंडीगढ़ और दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा में भी इलेक्ट्रिक वाहनों पर शत-प्रतिशत टैक्स छूट देने के लिए उनकी ओर से प्रस्तावित फाइल आगे बढ़ा दी गई है। इस पहल का उद्देश्य लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए प्रोत्साहित करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
सोमवार को चंडीगढ़ में कैबिनेट बैठक से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि यदि इलेक्ट्रिक वाहनों पर टैक्स में राहत दी जाती है, तो लोगों का रुझान तेजी से ईवी वाहनों की ओर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरियाणा में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को मजबूत करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है।
परिवहन मंत्री ने बताया राज्य सरकार 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कदम हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। विज ने कहा कि सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाएं, ताकि प्रदूषण को कम करने के साथ-साथ ईंधन पर निर्भरता भी घटाई जा सके।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर टैक्स छूट देने का प्रस्ताव दिल्ली और चंडीगढ़ की नीति को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके जरिए लोगों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ हरित परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को लाए जाने संबंधी सवाल पर अनिल विज ने कहा कि कैबिनेट में कौन-सा प्रस्ताव रखा जाएगा, इसका निर्णय मुख्यमंत्री स्तर पर लिया जाता है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के बीच इस विषय को लेकर लगातार वर्चुअल बैठकें हो रही हैं और कई प्रशासनिक प्रक्रियाएं टेलीफोन के माध्यम से भी पूरी की जा रही हैं।
परिवहन मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में हरियाणा इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेगा और राज्य में ईवी क्रांति को नई गति मिलेगी।