2026-05-18 17:24:22
नई दिल्ली / भव्य खबर । केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज भारत मंडपम, प्रगति मैदान में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय व्यापार महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। यह महोत्सव 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम में आईटीपीओ और कैट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि भारत वैश्विक बाजार में एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है और देश का व्यापार क्षेत्र तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी, उद्योग जगत के अग्रणी, एमएसएमई, स्टार्टअप और उद्यमी मिलकर काम करें, तो भारत आसानी से एक ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत कौशल, ज्ञान और प्रतिभा से समृद्ध देश है। यदि भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता को और बेहतर किया जाए, तो विश्व स्वाभाविक रूप से भारतीय वस्तुओं को प्राथमिकता देगा, जिससे विदेशी बाजारों पर निर्भरता कम होगी। भारतीय व्यापार महोत्सव को भारतीय व्यापारिक समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए उन्होंने कहा कि यह मंच वैश्विक बाजार में भारत को एक मजबूत और सम्मानजनक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और वैश्विक आर्थिक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव को भारत की वैश्विक छवि निर्माण के एक बड़े अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए, जो देश को केवल उपभोक्ता बाजार के रूप में नहीं, बल्कि एक मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करेगा।
खंडेलवाल ने आगे कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव केवल एक एक्सपो नहीं, बल्कि देशभर के व्यापारियों, एमएसएमई, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स, शिल्पकारों और निर्माताओं को सशक्त बनाने का एक राष्ट्रीय मिशन है। यह पहल वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल के विजन को गति देगी और भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने का एक प्रभावी मंच बनेगी। यह भारतीय उत्पादों और सेवाओं को समर्पित देश का सबसे बड़ा मल्टी-सेक्टर बिजनेस एक्सपो होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि कैट द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वैश्विक चुनौतियों और पश्चिम एशिया में जारी संकट के मद्देनजर सुझाए गए सात रणनीतिक उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। इन रणनीतियों को व्यापार और उद्योग क्षेत्र के माध्यम से प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक व्यापक रोडमैप तैयार किया गया। सम्मेलन में 27 राज्यों के लगभग 150 प्रमुख व्यापारिक नेताओं, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, उद्यमियों, निर्यातकों, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथियों ने हिस्सा लिया।
आईटीपीओ अध्यक्ष जावेद अशरफ ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव एक ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा, जो भारत में खुदरा व्यापार की छवि को बदलने की क्षमता रखता है। उन्होंने व्यापारियों को इस तरह का व्यापक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के कैट के प्रयासों की सराहना की।
आईटीपीओ के प्रबंध निदेशक नीरज खैरवाल ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं, पारंपरिक उत्पादों, नवाचार और उद्यमशीलता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल एमएसएमई, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमियों और शिल्पकारों के लिए नए व्यापारिक अवसर खोलेगी और उन्हें घरेलू व अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ेगी।
सम्मेलन में भारत को वैश्विक सप्लाई चेन और सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। व्यापारिक नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक आत्मनिर्भरता, मजबूत घरेलू व्यापार और सशक्त भारतीय अर्थव्यवस्था के विजन के समर्थन में एक संयुक्त प्रस्ताव पारित किए जाने की भी संभावना है।