2026-05-18 15:39:32
नई दिल्ली / भव्य खबर । दिल्ली सरकार के समाज कल्याण, एससी/एसटी/ओबीसी कल्याण, सहकारिता एवं चुनाव मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने सोमवार को ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत ‘मेट्रो मंडे’ पहल में भाग लेते हुए दिल्ली सचिवालय तक मेट्रो और फीडर बस से यात्रा की। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक परिवहन, ईंधन संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया।
मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ऊर्जा संरक्षण, ईंधन बचत और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की गई अपील को दिल्ली सरकार जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में ‘मेट्रो मंडे’, ‘नो व्हीकल डे’ और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने जैसी पहलें लागू की जा रही हैं, ताकि लोग राष्ट्रहित में सकारात्मक बदलाव अपनाएं।
‘मेट्रो मंडे’ अभियान के तहत सोमवार सुबह मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने मेट्रो से आईटीओ स्टेशन तक यात्रा की। इसके बाद उन्होंने गेट नंबर-5 से फीडर बस सेवा का उपयोग करते हुए दिल्ली सचिवालय स्थित अपने कार्यालय तक पहुंचे। यात्रा के दौरान उन्होंने आम नागरिकों से बातचीत भी की और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने, ईंधन संरक्षण को प्राथमिकता देने और जिम्मेदार जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए दिए गए निर्देश केवल प्रशासनिक फैसले नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण की दिशा में दूरदर्शी कदम हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग ईंधन बचत के साथ-साथ राजधानी में ट्रैफिक जाम और प्रदूषण कम करने में भी प्रभावी भूमिका निभाएगा।
रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि ‘मेट्रो मंडे’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिकता, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग की भावना को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि आज देश को ऊर्जा संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश नागरिकों को उसी दिशा में प्रेरित कर रहा है।
दिल्लीवासियों से अपील करते हुए मंत्री ने कहा कि यदि हर नागरिक अपनी दिनचर्या में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाए, तो इसका बड़ा प्रभाव समाज, पर्यावरण और देश के भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने मेट्रो से यात्रा की हो। वे लंबे समय से आम नागरिक की तरह सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते रहे हैं और जमीनी स्तर से हमेशा जुड़े रहे हैं।
मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि मंत्री के रूप में मेट्रो यात्रा करना एक अलग अनुभव रहा, क्योंकि इससे उन्हें सीधे नागरिकों से जुड़ने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और ‘मेट्रो मंडे’ जैसी पहलें विकसित भारत और विकसित दिल्ली के संकल्प को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी।