बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी रीमॉडलिंग कार्य 15 जून तक पूरा करें : श्रुति चौधरी

मंत्री श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी रीमॉडलिंग परियोजना के तहत RD 66700 पर चल रहे RCC पाइपलाइन निर्माण कार्य को हर हाल में 15 जून तक पूरा किया जाए
News

2026-05-11 23:56:37

हरियाणा / भव्य खबर । हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी रीमॉडलिंग परियोजना के तहत RD 66700 पर चल रहे RCC पाइपलाइन निर्माण कार्य को हर हाल में 15 जून तक पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों और आमजन को समय पर इसका लाभ मिल सके।

सिंचाई मंत्री ने सोमवार को बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी रीमॉडलिंग परियोजना का औचक निरीक्षण किया और मौके पर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को परियोजना में तेजी लाने और सभी लंबित प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

41.30 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा रीमॉडलिंग कार्य

श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी के रीमॉडलिंग कार्य को 41.30 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की जल व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और सरकार इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

चरखी दादरी और 35 गांवों को मिलेगा लाभ

सिंचाई मंत्री ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद चरखी दादरी शहर सहित आसपास के लगभग 35 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे करीब 2.30 लाख लोगों के लिए पेयजल व्यवस्था अधिक मजबूत और स्थायी बनेगी।

उन्होंने कहा कि बेहतर जल आपूर्ति व्यवस्था से लगभग 1.50 लाख शहरी और 80 हजार ग्रामीण नागरिकों को फायदा होगा। आने वाले वर्षों में क्षेत्र की बढ़ती जल आवश्यकताओं को पूरा करने में यह परियोजना अहम भूमिका निभाएगी।

किसानों को मिलेगी बेहतर सिंचाई सुविधा

श्रुति चौधरी ने कहा कि डिस्ट्रीब्यूटरी के रीमॉडलिंग कार्य पूरा होने के बाद किसानों को अधिक सुचारू और प्रभावी सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे फसल उत्पादन में बढ़ोतरी होगी और ग्रामीण क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के जरिए लगभग 9974/8834 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई संभव हो सकेगी, जिससे किसानों की आय में भी सकारात्मक सुधार आएगा।

वन विभाग से जुड़े लंबित मामलों को तुरंत निपटाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सिंचाई मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि RD 42500 से 66600 तक वन विभाग से जुड़े सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत क्लियर किया जाए, ताकि परियोजना के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

जल संरक्षण और पशुधन को भी मिलेगा लाभ

मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के तहत 14 वाटर वर्क्स टैंक और गांवों के तालाबों तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इससे जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी और पशुधन को भी लाभ पहुंचेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की आजीविका को भी सहारा मिलेगा।

“जल व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती”

श्रुति चौधरी ने कहा कि लोकनायक चौधरी बंसीलाल की दूरदर्शी सोच के तहत लगभग 50 वर्ष पहले बनाई गई बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी हरियाणा की सिंचाई व्यवस्था की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक रही है। अब इसे आधुनिक स्वरूप देते हुए रीमॉडल किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की जल व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion