अहीरवाल के शहीदों की वीरगाथा को मिलेगा नया आयाम, नसीबपुर में बनेगा भव्य शहीद स्मारक

नायब सिंह सैनी ने कहा कि नारनौल के नसीबपुर में बनने वाला भव्य शहीद स्मारक अहीरवाल के वीर जवानों के बलिदान और राष्ट्रभक्ति को राष्ट्रीय पहचान दिलाएगा।
News

2026-05-20 23:59:53

हरियाणा / भव्य खबर । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि आजादी की लड़ाई और देश की रक्षा में अहीरवाल क्षेत्र के वीर जवानों के अद्वितीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए नारनौल के नसीबपुर में भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को अहीरवाल के शहीदों के साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति से परिचित करवाएगा।

मुख्यमंत्री बुधवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में नसीबपुर में प्रस्तावित शहीद स्मारक के निर्माण को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा स्मारक की रूपरेखा, डिजाइन और कंसेप्ट को लेकर प्रस्तुति दी गई। मुख्यमंत्री ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

42 कनाल क्षेत्र में बनेगा आधुनिक शहीद स्मारक

मुख्यमंत्री ने बताया कि नसीबपुर में करीब 42 कनाल 10 मरला भूमि पर इस भव्य स्मारक का निर्माण किया जाएगा। स्मारक परिसर में 500 से 600 लोगों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, आधुनिक लाइट एंड साउंड शो, छह ऐतिहासिक गैलरियां, ऑडिटोरियम और प्रशासनिक भवन सहित कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि स्मारक के बीच स्थित तालाब का भी जीर्णोद्धार किया जाए और उसे आकर्षक रूप दिया जाए। तालाब के पानी को स्वच्छ बनाए रखने के लिए अलग से एसटीपी लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

विशाल तिरंगा और हरियाली बनेगी आकर्षण का केंद्र

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्मारक परिसर में एक विशाल तिरंगा झंडा स्थापित किया जाएगा, जो यहां आने वाले लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर में हरियाली का विशेष ध्यान रखा जाए तथा वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

“अहीरवाल दिल्ली का रक्षा कवच रहा है”

मुख्यमंत्री ने कहा कि अहीरवाल की धरती सदैव दिल्ली की रक्षा कवच रही है और यह क्षेत्र स्वतंत्रता संग्राम की वीरगाथाओं का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के जवानों ने न केवल आजादी की लड़ाई में बल्कि देश की सुरक्षा से जुड़े हर युद्ध और संघर्ष में अद्वितीय बलिदान दिए हैं।

उन्होंने कहा कि इस स्मारक में विभिन्न कालखंडों में देश के लिए बलिदान देने वाले अहीरवाल क्षेत्र के सभी शहीदों के नाम दर्ज किए जाएंगे, ताकि उनकी वीरता हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहे।

डिजाइन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी

सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने बताया कि शहीद स्मारक के प्रभावी डिजाइन और कंसेप्ट तैयार करने के लिए कंसल्टेंसी फर्म का चयन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों और विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर डिजाइन के नए विकल्प तैयार किए जाएंगे। अंतिम डिजाइन को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, उप प्रधान सचिव यशपाल यादव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion