पंजाब में भाजपा सरकार बनाने का आह्वान, हरियाणा की योजनाएं लागू करने का वादा नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया
News

2026-05-04 00:54:43

पंजाब/ भव्य खबर । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि यदि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो हरियाणा में लागू सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को पंजाब में भी लागू किया जाएगा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पंजाब के लोगों के लिए “हरियाणा सीएम हाउस” के दरवाजे हमेशा खुले हैं।

लुधियाना में आयोजित “महर्षि कश्यप जन्मोत्सव समारोह” को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या उसके परिजन को उनके स्तर का कोई काम हो तो वे बेझिझक उनसे संपर्क कर सकते हैं और हर संभव मदद की जाएगी।

समारोह के दौरान उन्होंने महर्षि कश्यप को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया। सैनी ने कहा कि महर्षि कश्यप महान परोपकारी और प्रजापालक थे, जिन्होंने समाज को नई दिशा देने के लिए कश्यप संहिता जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों की रचना की। उन्होंने कश्यप समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि इस समाज ने रामायण काल में निषाद जैसे पराक्रमी राजा दिए, जिन्होंने वनवास के दौरान भगवान श्रीराम को आश्रय दिया। इसके अलावा भक्त प्रह्लाद और सिख इतिहास में दशमेश पिता गुरु गोबिंद सिंह के पंच प्यारों में से भाई हिम्मत सिंह का संबंध भी इसी समाज से रहा है।

मुख्यमंत्री सैनी ने कश्यप समाज को साहसी, परिश्रमी और स्वाभिमानी बताते हुए कहा कि इस समाज में अपार संभावनाएं हैं और यह न केवल अपने समुदाय बल्कि पूरे देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा कश्यप समाज और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र पर चलते हुए सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रही है।

इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पिछड़ा वर्ग का बड़ा हितैषी बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया है। साथ ही, उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में सभी को जाति, क्षेत्र और भाषा के भेदभाव से ऊपर उठकर काम करना होगा।

अपने संबोधन के अंत में सैनी ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे आगामी चुनाव में भाजपा को मौका दें और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि झूठे वादे करने वाली सरकार को सबक सिखाने का समय आ गया है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कश्यप राजपूत कल्याण सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप भारद्वाज, बलदेव राज कश्यप, सुखदेव सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion