जैपनीज पार्क में बने भगवान परशुराम की 121 फुट भव्य प्रतिमा डॉ अरविंद शर्मा

शनिवार शाम रोहिणी, दिल्ली में भारतीय ब्राह्मण चेतना मंच द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया
News

2026-05-03 16:55:48

नई दिल्ली / भव्य खबर । शनिवार शाम रोहिणी, दिल्ली में भारतीय ब्राह्मण चेतना मंच द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें लोकप्रिय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद मनोज तिवारी और हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने इसे एक भव्य स्वरूप दिया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अरविंद शर्मा ने दिल्ली के रोहिणी स्थित जैपनीज पार्क में भगवान परशुराम की 121 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से चर्चा करते हुए कहा कि यह ब्राह्मण समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग है, जिस पर अब गंभीरता से निर्णय लिया जाना चाहिए।

डॉ. शर्मा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान ब्राह्मण समाज ने इस मांग को प्रमुखता से रखा था और भाजपा को भरपूर समर्थन व आशीर्वाद दिया था। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भगवान परशुराम के जीवन और उनके आदर्शों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने सदैव पीड़ितों, शोषितों और जरूरतमंदों के अधिकारों की रक्षा की तथा समाज को कर्तव्य, अनुशासन और मर्यादा का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में भगवान परशुराम से जुड़े तथ्यों को सही रूप में समाज के सामने लाने की आवश्यकता है। इस संदर्भ में उन्होंने गोवा में आयोजित कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां विद्वानों द्वारा उनसे जुड़े मिथकों और भ्रांतियों को तथ्यों के आधार पर स्पष्ट किया गया।

डॉ. शर्मा ने कहा कि देशभर में इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का विस्तार होना चाहिए, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने आयोजकों—विनोद वत्स, चांद करण शर्मा और अशोक शर्मा—की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज को एकजुट और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion