अम्बाला रिंग रोड को लेकर बैठक, पंजोखरा साहिब में अंडरपास और सर्विस लेन का रास्ता साफ

अम्बाला छावनी में अनिल विज ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के साथ रिंग रोड परियोजना की प्रगति और स्थानीय सुविधाओं पर विस्तृत बैठक की।
News

2026-04-30 18:19:59

अम्बाला / भव्य खबर । अम्बाला रिंग रोड परियोजना को लेकर आज एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। यह बैठक अम्बाला छावनी स्थित मंत्री आवास पर हुई, जिसमें परियोजना की प्रगति और स्थानीय लोगों की सुविधाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पी.के. सिन्हा ने रिंग रोड के नक्शे और प्रस्तावित निर्माण कार्य की जानकारी दी। खास तौर पर गांव पंजोखरा साहिब के लिए बनाए जाने वाले तीन अंडरपास और करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सर्विस लेन का प्लान प्रस्तुत किया गया। इसके बाद मंत्री अनिल विज ने गांव पंजोखरा साहिब के निवासियों से मुलाकात कर उन्हें यह नक्शा दिखाया और उनकी राय जानी।

ग्रामीणों ने प्रस्तावित अंडरपास और सर्विस लेन को लेकर संतुष्टि जताई और कहा कि इससे उनकी आवाजाही की समस्या दूर होगी। उन्होंने मंत्री के प्रयासों के लिए आभार भी व्यक्त किया।

इसके बाद मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला में बन रही रिंग रोड से गांव पंजोखरा साहिब की कनेक्टिविटी काफी बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि गांव के पास तीन अंडरपास बनाए जा रहे हैं, जिससे लोग रिंग रोड के दोनों ओर आसानी से आ-जा सकेंगे। साथ ही गुरुद्वारा साहिब के पास से गुजरने वाली सर्विस लेन को रिंग रोड से जोड़ा जाएगा, जिससे ग्रामीणों को सीधे रिंग रोड तक पहुंच मिलेगी।

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि इन सुविधाओं के निर्माण से गांव के लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होगी, बल्कि उनका सफर और अधिक सुरक्षित व आसान बनेगा।

उल्लेखनीय है कि अम्बाला में लगभग 40 किलोमीटर लंबी सिक्स-लेन ग्रीनफील्ड रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शहर में ट्रैफिक जाम को कम करना और विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों को आपस में जोड़कर कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion