लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि होंगे देश के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ

भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त किया है, जो कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से और अगले आदेश तक भारत सरकार के सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे।
News

2026-05-09 17:15:49

नई दिल्ली/ भव्य खबर । भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल रिटायर्ड एन एस राजा सुब्रमणि को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है. सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वह कार्यभार संभालने की तारीख से अगले आदेश तक भारत सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स के सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी निभाएंगे. वर्तमान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान 30 मई 2026 को अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं. इसके बाद लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि यह जिम्मेदारी संभालेंगे.

लेफ्टिनेंट जनरल रिटायर्ड एन एस राजा सुब्रमणि इस समय 1 सितंबर 2025 से नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट में मिलिट्री एडवाइजर के पद पर कार्य कर रहे हैं. इससे पहले वह 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक आर्मी स्टाफ के वाइस चीफ रह चुके हैं. इसके अलावा मार्च 2023 से जून 2024 तक उन्होंने सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में भी सेवा दी थी. सेना में लंबे अनुभव और कई अहम पदों पर काम करने के बाद अब उन्हें देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बनाया गया है.

एन.एस. राजा सुब्रमणि ने भारतीय सेना में कब तक किया काम?

लेफ्टिनेंट जनरल रिटायर्ड एन.एस. राजा सुब्रमणि ने भारतीय सेना में करीब 39 वर्षों तक सेवा दी है. सेना के उप प्रमुख यानी वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (VCOAS) के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली. एन.एस. राजा सुब्रमणि ने अपनी शुरुआती पढ़ाई के बाद राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खडकवासला और भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून से सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया. उन्होंने किंग्स कॉलेज, लंदन से मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा अध्ययन में M.PHIL. भी किया है.

गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट में कमीशन कब मिला?

एन.एस. राजा सुब्रमणि ने दिसंबर 1985 में भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट में कमीशन मिला था. अपने लंबे सैन्य करियर में उन्होंने देश की उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं पर कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं और ऑपरेशनल तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. मार्च 2023 से जून 2024 तक वह लखनऊ स्थित भारतीय सेना की मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रहे. इसके बाद जुलाई 2024 में उन्हें भारतीय सेना का 47वां उप प्रमुख नियुक्त किया गया. इस पद पर उन्होंने जुलाई 2025 तक सेवा दी.

राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय का सैन्य सलाहकार

सेना से रिटायर होने के बाद सितंबर 2025 में एन.एस. राजा सुब्रमणि को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय का सैन्य सलाहकार बनाया गया था. बाद में भारत सरकार ने उन्हें देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त किया. देश के लिए उनकी बेहतरीन सेवा और नेतृत्व को देखते हुए उन्हें कई बड़े सैन्य सम्मान दिए गए हैं. इनमें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM), सेना मेडल (SM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) शामिल हैं. लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि को भारतीय सेना में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक समझ के लिए जाना जाता है. उन्होंने सेना में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है.

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion