2026-05-09 00:04:57
नई दिल्ली / भव्य खबर । दिल्ली सरकार के समाज कल्याण, एससी/एसटी/ओबीसी कल्याण, चुनाव एवं सहकारिता मंत्री तथा बवाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने शुक्रवार को बवाना विधानसभा क्षेत्र के दीप विहार, प्रहलादपुर सहित विभिन्न गांवों और क्षेत्रों का व्यापक संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा जनसमस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
संयुक्त निरीक्षण में रेवेन्यू विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), जिला प्रशासन, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (I&FC), दिल्ली जल बोर्ड (DJB), नगर निगम (MCD) और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने सड़क किनारे, खाली प्लॉटों और रिहायशी इलाकों के आसपास अनियमित रूप से कूड़ा डाले जाने की समस्या उठाई। इस पर मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने अधिकारियों को क्षेत्र में वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित कूड़ा प्रबंधन प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकता अनुसार उपयुक्त स्थानों पर कॉम्पैक्टर लगाने तथा विस्तृत सर्वे रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा।
मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने की समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। उन्होंने संबंधित विभागों को कूड़ा प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं का समन्वित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अवैध निर्माण और अतिक्रमण के मामलों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को संयुक्त कार्रवाई करते हुए नियमानुसार प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण के कारण नागरिक सुविधाएँ प्रभावित होती हैं और सुरक्षा संबंधी खतरे भी बढ़ते हैं।
जल आपूर्ति, पानी के दुरुपयोग और बिलिंग संबंधी शिकायतों पर मंत्री ने दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों को व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा सीवर नेटवर्क के विकास, रखरखाव तथा नालों की सफाई और डी-सिल्टिंग को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए। मंत्री ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सभी नालों की समय रहते सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान सड़कों के विकास, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने सड़क मार्गों पर लगे अव्यवस्थित बिजली के खंभों और तारों को हटाने तथा आवश्यकता अनुसार भूमिगत केबलिंग की संभावनाओं पर भी अधिकारियों से विचार-विमर्श किया।
कानून व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने क्षेत्र के डार्क स्पॉट्स की पहचान कर वहां स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही बेहद जरूरी है।
मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि बवाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों को समन्वित और जवाबदेह तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।