2026-04-25 15:54:56
देहरादून/ भव्य खबर । बाबा केदारनाथ के दर्शनों के लिए उत्सुक श्रद्धालुओं के लिए हेली शटल सेवा की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। 15 अप्रैल को शाम 6 बजे से शुरू हुई इस प्रक्रिया में 22 अप्रैल से 15 जून तक की अवधि के लिए उपलब्ध सभी 31,450 सीटों की बुकिंग कुछ ही घंटों में संपन्न हो गई।
बुकिंग के मुख्य आंकड़े:
उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 10,855 टिकटों के माध्यम से इन सीटों को बुक किया गया। बुकिंग प्रक्रिया शाम 6:02 बजे शुरू हुई और आखिरी टिकट 7:28 बजे बुक हुआ। सबसे ज्यादा मारामारी शाम 6:10 से 6:32 के बीच देखी गई, जिसे पीक बुकिंग टाइम दर्ज किया गया।
राज्यों की भागीदारी:
हेली सेवा की बुकिंग में देश के विभिन्न राज्यों से भारी उत्साह देखा गया। राज्यवार आंकड़ों में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा, जहाँ से 1708 बुकिंग की गईं। इसके बाद उत्तर प्रदेश (1243), दिल्ली (867), तेलंगाना (864), कर्नाटक (801) और गुजरात (700) का नंबर रहा।
पारदर्शिता और जांच:
बुकिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए टूरिस्ट हेल्पलाइन कॉल सेंटर द्वारा 565 रैंडम कॉल कर विश्लेषण किया गया। जांच में पाया गया कि लगभग 51 प्रतिशत बुकिंग यात्रियों ने खुद की, जबकि 49 प्रतिशत अन्य माध्यमों से हुई। साथ ही, इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों में से बड़ी संख्या में वास्तविक यात्रियों की पुष्टि हुई है।
बुकिंग के कड़े नियम:
प्रणाली को सुव्यवस्थित रखने के लिए सरकार ने कुछ नियम निर्धारित किए थे:
प्रति यूजर अधिकतम 2 बुकिंग और कुल 12 सीटों की सीमा।
एक आईपी (IP) एड्रेस से अधिकतम 5 यूजर आईडी के इस्तेमाल की अनुमति।
एक बुकिंग में अधिकतम 6 यात्री ही शामिल हो सकते थे।
वर्तमान में 510 बुकिंग आईडी के सापेक्ष 913 सीटों का कैंसलेशन भी दर्ज किया गया है।
राज्य सरकार का दावा है कि इस पूरी प्रक्रिया से यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और विश्वसनीय यात्रा सुविधा सुनिश्चित की गई है।