2026-04-24 20:19:17
देहरादून/ भव्य खबर। राजधानी के परेड ग्राउंड में आयोजित महिला जन आक्रोश रैली के माध्यम से आज उत्तराखंड की मातृशक्ति ने विपक्ष के विरुद्ध हुंकार भरी। इस रैली में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों द्वारा संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करने की प्रक्रिया में बाधा डालने के विरोध में हजारों की संख्या में महिलाएं एकजुट हुईं।
विपक्ष के दोहरे चरित्र पर प्रहार
रैली को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का अपमान, कांग्रेस की पहचान बन चुका है। संबोधन के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि एक ओर विपक्ष महिलाओं के अधिकारों की बात करता है, वहीं दूसरी ओर संसद में महिला आरक्षण जैसे ऐतिहासिक कदम को रोकने का प्रयास कर हर संभव बाधा उत्पन्न की। जनता को गुमराह करने की राजनीति अब देवभूमि में नहीं चलेगी।
पहुंचीं हजारों की संख्या में महिलाएं
प्रदेश के कोने-कोने से आई महिलाओं की भारी भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि नारी सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर उत्तराखंड की महिलाएं पूरी मजबूती के साथ एकजुट हैं। कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह और ऊर्जा देखने लायक थी।
ऐतिहासिक पदयात्रा और संकल्प
संबोधन के उपरांत हजारों की संख्या में मातृशक्ति के साथ एक विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के दौरान महिलाओं के नारों से पूरा क्षेत्र गूँज उठा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि से उठी यह सशक्त आवाज अब पूरे देश में गूंजेगी और महिलाओं के अधिकारों में बाधा बनने वाली ताकतों के विरुद्ध यह जनसंकल्प एक निर्णायक मार्ग प्रशस्त करेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सफल आयोजन के लिए प्रदेश की सभी महिलाओं का कोटि-कोटि वंदन किया और उनके अधिकारों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।