2026-05-22 14:40:36
झज्जर/ भव्य खबर । डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि दिन प्रतिदिन बढ़ रही गर्मी के मद्देनजर जिला प्रशासन आमजन को राहत पहुंचाने के लिए पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को गर्मी से बचाव को लेकर प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित करने निर्देश दिए।
डीसी वर्षा खांगवाल लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। बैठक में डीसीपी शुभम सिंह भी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि पर्याप्त पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, पशुओं के लिए पानी तथा सरकारी भवनों की सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी जलघरों में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्धता सुनिश्चित हो । इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रखी जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जाए और जहां भी पानी की कमी की शिकायत मिले वहां तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिगत सतर्कता बरती जाए। उन्होंने बाजारों में कटे-फटे फलों की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने तथा खुले में फल बेचने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए क्योंकि लापरवाही आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को यह भी निर्देश दिए कि जिला अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस, ग्लूकोज, जरूरी दवाइयों तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि हीट स्ट्रोक एवं गर्मी जनित बीमारियों से प्रभावित मरीजों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
डीसी वर्षा खांगवाल ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के दौरान पशुओं के लिए भी पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं के लिए विशेष जल प्रबंध किए जाएं ताकि तेज गर्मी के कारण पशुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी स्कूल भवनों का निरीक्षण किया जाए और जो भवन जर्जर स्थिति में हैं उन्हें नियमानुसार कंडम घोषित करवाने की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी की छुट्टियों के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी विद्यालय भवनों का निरीक्षण कर नए भवन निर्माण संबंधी प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेजना सुनिश्चित करें। बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी असुरक्षित भवन में विद्यार्थियों को बैठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त बैठक में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण करते हुए समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जगनिवास,एसडीएम झज्जर रवि मीणा, सीएमजीजीए खुशी कौशल,सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, सीटीएम रितु बंसीवाल, डीडीपीओ निशा तवर, डीआरओ मनवीर सिंह,उपनिदेशक अमित पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।