हुसैनाबाद क्षेत्र में आधुनिक पार्किंग व्यवस्था एवं यातायात सुधार की नई पहल

हुसैनाबाद ट्रस्ट क्षेत्र में विकसित होगी पार्किंग, पार्किंग का संचालन, प्रबंधन एवं रखरखाव करेगा हुसैनाबाद ट्रस्ट
News

2026-05-22 15:17:01

लखनऊ/ भव्य खबर । हुसैनाबाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार लाए जाने के उद्देश्य से हुसैनाबाद एवं सम्बद्ध ट्रस्ट तथा लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के संयुक्त सहयोग से इमामबाड़े के निकट एक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक पार्किंग व्यवस्था विकसित की जा रही है। ज्ञातव्य है कि इमामबाड़ा क्षेत्र ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक एवं स्थानीय नागरिक आते हैं। वर्तमान समय में वाहनों की अत्यधिक संख्या के कारण मुख्य मार्गों एवं इमामबाड़े के आसपास यातायात जाम की समस्या उत्पन्न होती रही है, जिससे आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इन्हीं समस्याओं के समाधान एवं क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए जाने के उद्देश्य से नई पार्किंग व्यवस्था विकसित की जा रही है। इस परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत इमामबाड़े के आसपास अनावश्यक वाहन दबाव में कमी आएगी तथा पर्यटकों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह भी स्पष्ट किया जाता है कि उक्त पार्किंग व्यवस्था का निर्माण एलडीए एवं हुसैनाबाद ट्रस्ट के पारस्परिक सहयोग से कराया जा रहा है, जबकि पार्किंग का संचालन, प्रबंधन एवं रखरखाव हुसैनाबाद एवं सम्बद्ध ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा। साथ ही यह भी अवगत कराना है कि इमामबाड़े के निकट विकसित “फूड कोर्ट लज़ीज़ गली” परियोजना का निर्माण एलडीए द्वारा कराया गया है। इस परियोजना से प्राप्त होने वाले आय के रेवेन्यू शेयरिंग के बारे हुसैनाबाद एवं सम्बद्ध ट्रस्ट द्वारा उठाये गए बिंदु के संबंध में एलडीए द्वारा यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई है कि “फूड कोर्ट एवं लज़ीज़ गली” से प्राप्त होने वाले वार्षिक लाभ का 50 प्रतिशत हिस्सा हुसैनाबाद एवं सम्बद्ध ट्रस्ट को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ट्रस्ट द्वारा क्षेत्र के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं जनसुविधाओं के विकास संबंधी कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। साथ ही पर्यटकों एवं आमजन की सुविधा हेतु हुसैनाबाद ट्रस्ट द्वारा बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा, पिक्चर गैलरी, नवाब सदातअली का मकबरा एवं सतखंडा में ऑनलाइन टिकटिंग व्यवस्था प्रारंभ की गई है। अब पर्यटक घर बैठे टिकट बुक कर सकते हैं, जिससे लंबी कतारों से राहत मिलने के साथ व्यवस्था अधिक सुगम एवं पारदर्शी हुई है। इसी क्रम में लंबे समय से बंद ऐतिहासिक सतखंडा का रिनोवेशन कर उसे पुनः जनता के लिए खोला गया है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिली है। व्यवस्थाओं में अनुशासन एवं एकरूपता बनाए रखने के लिए कर्मचारियों हेतु हुसैनाबाद ट्रस्ट द्वारा यूनिफार्म भी निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त हुसैनाबाद जामा मस्जिद के समीप गुसलखाने का नवनिर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि कर्बला मलका अफ़ाक साहिबा, खदरा में वॉल पेंटिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है एवं शाही मस्जिद हजरतगंज में स्वच्छ जल की उपलब्धता हेतु नए सबमर्सिबल पंप और बोरिंग का कार्य किया गया है। ये सभी कार्य हुसैनाबाद ट्रस्ट के सहयोग एवं पर्यवेक्षण में संचालित किए जा रहे हैं।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion