26 अगस्त से पात्र महिलाओं को मिलना शुरू होगा पेंशन का आधिकारिक पत्र CM रेखा गुप्ता

26 अगस्त से पात्र महिलाओं को पेंशन का आधिकारिक पत्र मिलना शुरू होगा, जबकि 1 सितंबर से पेंशन की राशि बैंक खातों में पहुंचाई जाएगी।
News

2026-08-18 23:01:51

दिल्ली/ भव्य खबर । दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को पेंशन का लाभ देने की प्रक्रिया अब शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में योजना की समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि 26 अगस्त से पात्र महिलाओं को पेंशन का आधिकारिक पत्र मिलना शुरू हो जाएगा। वहीं, 27 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि 1 सितंबर से पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचनी शुरू हो जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला स्तरीय स्वीकृति, निगरानी एवं शिकायत निवारण समितियों के कार्यों की सराहना की। बैठक में मुख्य सचिव राजीव वर्मा के अलावा योजना के लिए गठित जिला स्तरीय समितियों के अध्यक्ष और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

महिलाओं में योजना को लेकर जबरदस्त उत्साह

बैठक में समिति पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना की सफलता में जिला स्तरीय समितियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों और समिति सदस्यों को निर्देश दिया कि हर आवेदन की गंभीरता से जांच और निगरानी की जाए, ताकि पात्र महिलाओं को बिना अनावश्यक देरी के योजना का लाभ मिल सके।

संदेह होने पर आवेदनों की होगी गंभीर जांच

रेखा गुप्ता ने कहा कि जिला स्तरीय समितियों में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं। ऐसे में यदि किसी आवेदन में कोई तथ्य संदिग्ध नजर आता है तो उसकी गहन जांच की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी तरह की समस्या न हो।

सरकार जल्द ही योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऐसी व्यवस्था भी करने जा रही है, जिसके तहत जिन पात्र महिलाओं ने आवेदन में गलत या अधूरी जानकारी दर्ज कर दी है, उन्हें उसमें सुधार करने का अवसर मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने समितियों से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और योजना को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता से काम करने की अपील की।

18 दिनों में करीब 8 लाख महिलाओं ने कराया पंजीकरण

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद महज 18 दिनों में करीब 8 लाख महिलाओं ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। इनमें से 5 लाख से अधिक आवेदन अंतिम रूप से जमा किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इतने कम समय में महिलाओं की ओर से मिला यह अभूतपूर्व जनसमर्थन योजना के प्रति उनके विश्वास को दर्शाता है। सरकार के मुताबिक, किसी योजना को लेकर इतनी कम अवधि में इस स्तर का पंजीकरण अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

दिल्ली सरकार का कहना है कि पात्र महिलाओं तक पेंशन का लाभ जल्द से जल्द पहुंचाने के लिए प्रक्रिया को लगातार तेज किया जा रहा है।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion