जम्मूकश्मीर के लिए ऐतिहासिक दिन जम्मूतवी से श्रीनगर तक वंदे भारत एक्सप्रेस का भव्य शुभारंभ

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मूतवी स्टेशन से नई सेवा को हरी झंडी दिखाई
News

2026-04-30 18:18:11

जम्मू-कश्मीर/ भव्य खबर । जम्मू-कश्मीर के रेल कनेक्टिविटी के इतिहास में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। भारत सरकार की कनेक्टिविटी से विकास की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज जम्मूतवी रेलवे स्टेशन से श्रीनगर (कश्मीर घाटी) के लिए सीधी वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा का भव्य उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना, सतपाल शर्मा, विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह, विक्रम रंधावा और युधवीर सेठी भी उपस्थित रहे। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय एवं मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह के दौरान स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव के माहौल में चार चाँद लगा दिए।

संबोधन के मुख्य बिंदु:

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन में इसे नया इतिहास करार देते हुए कहा कि यह रेल लिंक जम्मू और कश्मीर घाटी के बीच एक अटूट और सीधा संपर्क स्थापित करेगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए इस मार्ग पर 8 के बजाय 20 कोच वाली आधुनिक वंदे भारत ट्रेन शुरू की गई है।

मंत्री जी ने बताया

जून 2025 में उधमपुर श्रीनगर बारामूला रेल लिंक खुलने के पश्चात, सीमेंट, उर्वरक, गेहूं, स्टील करीब 2.28 लाख टन माल ढुलाई अब तक हो चुकी है।

अभी तक श्रीनगर श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत ने 1022 ट्रिप्स में लगभग 5.5 लाख लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचाया हैं।

तकनीकी विशेषता और लाभ:

यह ट्रेन पहली बार विंटराइजेशन (Winterization) तकनीक से लैस है, जिसमें गर्म विंडशील्ड और विशेष हीटिंग सिस्टम लगे हैं, ताकि शून्य से नीचे के तापमान और भारी बर्फबारी में भी परिचालन बाधित न हो। 267 किलोमीटर की यह दूरी अब मात्र 4 से 5 घंटे में तय होगी, जिससे समय की भारी बचत होगी और स्थानीय व्यापार, पर्यटन व अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

निरीक्षण:

उद्घाटन के पश्चात, रेल मंत्री ने विश्व प्रसिद्ध चेनाब ब्रिज, अंजी ब्रिज और श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन का गहन निरीक्षण किया और चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की।

परिचालन विवरण और समय सारिणी:

वंदे भारत की नियमित सेवा 02 मई 2026 से शुरू होगी। यह सेवा दो जोड़ी ट्रेनों के माध्यम से संचालित की जाएगी:

ट्रेन संख्या 26401/26402: (मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन)

जम्मू प्रस्थान: सुबह 06:20 बजे | श्रीनगर आगमन: सुबह 11:10 बजे

श्रीनगर प्रस्थान: दोपहर 14:00 बजे | जम्मू आगमन: शाम 18:50 बजे

ट्रेन संख्या 26403/26404: (बुधवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन)

श्रीनगर प्रस्थान: सुबह 08:00 बजे | जम्मू आगमन: दोपहर 12:40 बजे

जम्मू प्रस्थान: दोपहर 13:20 बजे

यह सीधी सेवा न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी, बल्कि व्यापारियों, छात्रों और मरीजों के लिए भी एक तेज और किफायती जीवनरेखा साबित होगी।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion