दिल्ली में DRDO ने CBRN फील्ड प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र का उद्घाटन किया

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने दिल्ली के बुराड़ी मैदान क्षेत्र में रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु (CBRN) फील्ड प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र की स्थापना की है।
News

2026-05-07 01:29:13

नई दिल्ली / भव्य खबर । रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने दिल्ली के बुराड़ी मैदान क्षेत्र में रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु (CBRN) फील्ड प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र की स्थापना की है। इस अत्याधुनिक केंद्र का उद्घाटन रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव तथा डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने किया।

यह केंद्र रेडियोलॉजिकल और परमाणु आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। यह डीआरडीओ-सीबीआरएन उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

केंद्र में समर्पित रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु परीक्षण आधार सुविधा, भारी आयन अनुसंधान सुविधा, आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया प्रणाली तथा वास्तविक समय क्षेत्रीय प्रतिक्रिया इकाइयां शामिल हैं। यह केंद्र परमाणु चिकित्सा एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान (INMAS) के अंतर्गत स्थापित किए जा रहे CBRN उत्कृष्टता केंद्र का हिस्सा है।

इसका उद्देश्य रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और अन्य संबंधित एजेंसियों के कर्मियों को सीबीआरएन आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करना है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कार्यशालाओं के माध्यम से इनमास नई पीढ़ी के विशेषज्ञों को तैयार करेगा, जो अग्रिम मोर्चे पर कार्य करते हुए नवीनतम तकनीकों और तरीकों के साथ इस क्षेत्र को और सशक्त बनाएंगे।

उद्घाटन समारोह में सैनिक सहायता प्रणाली के महानिदेशक डॉ. उपेंद्र कुमार सिंह, उत्पादन समन्वय एवं सेवाएं संपर्क महानिदेशक डॉ. चंद्रिका कौशिक, संसाधन एवं प्रबंधन महानिदेशक डॉ. रविंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion