2026-05-04 22:57:32
हरियाणा / भव्य खबर । पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक जीत के साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का चुनावी जीत का रिकॉर्ड एक बार फिर बरकरार रहा, दिल्ली, बिहार के बाद अब पश्चिम बंगाल। इस जीत ने न केवल राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव दर्ज किया, बल्कि नायब सैनी के नेतृत्व और उनकी चुनावी रणनीति को भी मजबूती से स्थापित किया है।
पश्चिम बंगाल के चुनावों में मुख्यमंत्री नायब सैनी की सक्रिय भागीदारी खास तौर पर चर्चा में रही। उन्होंने राज्य की छह महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर प्रचार की कमान संभाली थी, जहां उनकी मौजूदगी और रणनीति का स्पष्ट प्रभाव देखने को मिला। मोयना विधानसभा क्षेत्र में उनका रोड शो खासा आकर्षण का केंद्र बना, वहीं श्रीरामपुर, चंपदनी, चंदीताला, जंगीपारा और उत्तरपारा विधानसभा क्षेत्रों में उन्होंने पार्टी उम्मीदवारों के नामांकन में भी अहम भूमिका निभाई।
इन छह सीटों में से चार पर पार्टी को अभूतपूर्व सफलता मिली, जिसे नायब सैनी के नेतृत्व की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार, इन क्षेत्रों में लगभग 70 प्रतिशत सफलता हासिल हुई, जो किसी भी दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस सफलता के पीछे “हरियाणा मॉडल” और नायब सैनी की जमीनी रणनीति की स्पष्ट छाप रही। उनकी चुनावी शैली, संगठन के साथ तालमेल और मतदाताओं से सीधे संवाद ने पार्टी को इन सीटों पर बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
पश्चिम बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राज्य में इस तरह का प्रदर्शन न केवल पार्टी के लिए ऐतिहासिक है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि मुख्यमंत्री नायब सैनी का प्रभाव अब अपने राज्य से बाहर भी तेजी से विस्तार कर रहा है। यह जीत उनके नेतृत्व की स्वीकार्यता और चुनावी प्रबंधन की दक्षता को एक बार फिर प्रमाणित करती है।