2026-09-14 01:25:30
Punjab / भव्य खबर । पटियाला के ककराला में जनसभा को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को चुटकुले, प्रचार और विज्ञापन नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, उद्योगों की सुरक्षा और अपनी समस्याओं का समाधान चाहिए। उन्होंने पंजाब की मौजूदा स्थिति के लिए गलत नीति, नीयत और नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया।
नायब सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा की जड़ें, संस्कृति और विरासत एक जैसी हैं, लेकिन आर्थिक विकास के मामले में हरियाणा पंजाब से आगे निकल चुका है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025-26 में हरियाणा की वास्तविक आर्थिक विकास दर 9.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि पंजाब की विकास दर 6.1 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि यह अंतर दोनों राज्यों में अपनाई जा रही नीतियों और नेतृत्व के फर्क को दिखाता है।
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी सरकार पर काम से ज्यादा प्रचार और विज्ञापन पर जोर देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था केवल दावों से मजबूत नहीं होती, बल्कि उद्योगों को सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, किसानों को लाभकारी मूल्य और व्यापारियों को भरोसा देने से मजबूत होती है। उन्होंने कांग्रेस पर भी पंजाब की जनता से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया।
नायब सैनी ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में किए गए 217 वादों में से 70 वादे 18 महीने के कार्यकाल में पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस का खर्च माफ किया गया है। वहीं, 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 2100 रुपये मासिक सहायता देने का वादा लागू किया गया है और इसके लिए सरकार ने बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 18 महीनों में महिलाओं के खातों में 2000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा कराई जा चुकी है।
किसानों के मुद्दे पर नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में किसानों की पूरी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि किसानों को 48 से 72 घंटे के भीतर फसल का भुगतान किया जाता है और देरी होने पर ब्याज सहित भुगतान का प्रावधान है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब में बढ़ते नशे और युवाओं के भविष्य को लेकर भी आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक व्यक्ति को प्रताड़ित किया गया और उसकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने इस घटना को पंजाब में कानून-व्यवस्था और आम नागरिक की आवाज के सम्मान से जुड़ा गंभीर सवाल बताया।
रोजगार के मुद्दे पर नायब सैनी ने पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सरकारी भर्तियां बिना पर्ची-बिना खर्ची और मेरिट के आधार पर की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार की नीतियों से युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
नायब सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीन पर काम चाहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और सुशासन की नीतियों को आगे बढ़ाकर पंजाब को भी विकास की दिशा में गति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में गरीबों, महिलाओं, किसानों और जरूरतमंद परिवारों के लिए लागू योजनाओं का लाभ पंजाब की जनता तक पहुंचाने के लिए भी काम किया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री महारानी परनीत कौर ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने पंजाब के युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें शिक्षा व रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने आगामी चुनावों में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।