2026-09-14 01:15:46
नई दिल्ली / भव्य खबर । दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के संयुक्त अधिष्ठाता के ABVP के डूसू चुनाव पैनल के साथ कथित तौर पर नजर आने को लेकर NSUI ने सवाल खड़े किए हैं। NSUI ने इसे विश्वविद्यालय प्रशासन की निष्पक्षता और तटस्थता के लिए गंभीर चिंता का विषय बताते हुए संबंधित अधिकारी को पद से तत्काल हटाने की मांग की है।
NSUI का आरोप है कि जिम्मेदारी के पद पर बैठे वरिष्ठ अधिकारी का किसी विशेष छात्र संगठन के चुनावी पैनल के साथ इस तरह दिखाई देना विश्वविद्यालय की संस्थागत गरिमा और छात्र चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है। संगठन ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी सभी छात्र संगठनों को समान अवसर उपलब्ध कराने और चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष बनाए रखने की है।
NSUI ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी को छात्र कल्याण विभाग के संयुक्त अधिष्ठाता पद से तत्काल हटाया जाए। साथ ही, यदि प्रशासनिक निष्पक्षता के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, जिसमें बर्खास्तगी भी शामिल हो सकती है।
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन किसी विशेष छात्र संगठन के प्रचार का मंच नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि इस तरह का आचरण छात्र चुनावों की लोकतांत्रिक भावना को कमजोर करता है और पूरी चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करता है।
NSUI ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति और विश्वविद्यालय प्रशासन से स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी डूसू चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की है।