पश्चिम बंगाल और असम में ऐतिहासिक जनसमर्थन पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद का जनता को आभार

पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी को मिले ऐतिहासिक जनसमर्थन के बाद दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने जनकपुरी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में दोनों राज्यों की जनता का आभार व्यक्त किया।
News

2026-05-06 00:24:20

नई दिल्ली / भव्य खबर । पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी को मिले ऐतिहासिक जनसमर्थन के बाद दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने जनकपुरी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में दोनों राज्यों की जनता का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में हजारों लोग शामिल हुए और भाजपा की प्रचंड जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना समर्थन और विश्वास जताया।

अपने संबोधन में आशीष सूद ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र पर जनता की स्पष्ट मुहर है। उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में पार्टी के ऐतिहासिक प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संकेत है कि वहां की जनता अब परिवर्तन चाहती है और विकास आधारित राजनीति को समर्थन दे रही है।

वहीं असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनने को उन्होंने सुशासन, स्थिरता और विकास की नीतियों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में सुरक्षा, प्रगति और पारदर्शिता के प्रति जनता का भरोसा इन चुनाव परिणामों में साफ दिखाई देता है।

आशीष सूद ने कहा कि यह जनादेश केवल दो राज्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की राजनीति को और मजबूत करने वाला है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को उनके अथक परिश्रम के लिए बधाई दी, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी को मजबूत किया।

उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा समितियों, छठ पूजा समितियों, मंदिरों, गुरुद्वारों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाजपा का समर्थन किया। साथ ही उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य में योगदान देने का संकल्प लेते हुए भारी बहुमत से भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाने का निर्णय लिया है।

आशीष सूद ने उन कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने वर्षों तक भय, भ्रष्टाचार, रंगदारी और सिंडिकेट जैसी चुनौतियों का सामना करते हुए भी पार्टी के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के “भय के माहौल” की हार और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के विश्वास की जीत है।

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव समाप्त हो चुके हैं और अब हर पार्टी अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा और उसके निर्वाचित प्रतिनिधि राज्य की सेवा पूरी निष्ठा के साथ करेंगे।

घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे पश्चिम बंगाल हो या देश का कोई भी हिस्सा, अवैध घुसपैठियों को भारत में रहने नहीं दिया जाएगा और इस दिशा में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आशीष सूद ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन राज्यों में विकास की गति और तेज होगी तथा जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सरकारें पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion