2026-04-28 12:52:50
चंडीगढ़ / भव्य खबर । हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर विपक्ष, विशेष रूप से कांग्रेस, पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के विषय पर कांग्रेस ने एक बार फिर अपना “असली चेहरा” उजागर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी महिलाओं के अधिकार सुनिश्चित करने का समय आता है, कांग्रेस महत्वपूर्ण मौकों पर पीछे हट जाती है। उनका कहना था कि लोकसभा में जो रवैया देखने को मिला, वही विधानसभा में भी दोहराया गया।
उन्होंने विपक्ष के वॉकआउट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक ओर कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सदन के बाहर महिलाओं के अधिकारों की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर अंदर चर्चा से बचते हैं। यह उनका दोहरा रवैया दर्शाता है और यह स्पष्ट करता है कि वे इस मुद्दे पर गंभीर नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रस्ताव विपक्ष के लिए एक अवसर था कि वे इसका समर्थन कर सकारात्मक संदेश देते, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि जो लोग महिलाओं के अधिकारों की बात करते हैं, उन्हें अपने आचरण से भी इसे सिद्ध करना चाहिए। बाहर बयानबाजी और अंदर वॉकआउट करना उनके दोहरे चरित्र को उजागर करता है।
उन्होंने विपक्ष के इस आचरण को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्हें सदन में रहकर अपनी बात रखनी चाहिए थी और उसके बाद विरोध दर्ज कराना चाहिए था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक महिलाओं ने कांग्रेस का समर्थन किया, लेकिन जब उनके अधिकार सुनिश्चित करने का समय आया, तो कांग्रेस ने उनका साथ नहीं दिया, जो विश्वास के साथ विश्वासघात है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष के इस रवैये की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार का आचरण महिलाओं के अधिकारों के प्रति उदासीनता को दर्शाता है।