सुजुकी के सीईओ का सीएम नायब सैनी से वायदा भविष्य में हरियाणा में और भी निवेश करेगी सुजुकी

तोशीहिरो सुजुकी बोले- भारत के साथ-साथ हरियाणा की प्रोग्रेस में भी सहयोग करेगी सुजुकी
News

2026-04-23 20:30:13

नई दिल्ली / भव्य खबर । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में सुजुकी मोटर के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने मुलाकात की। इस दौरान सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से वायदा किया कि सुजुकी मोटर भविष्य में भी हरियाणा के अंदर और निवेश करेगी। उन्होंने कहा कि भारत की प्रोग्रेस के साथ-साथ हरियाणा की प्रोग्रेस में भी उनकी कंपनी पूरा सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जापान और हरियाणा के बीच सांस्कृतिक सहयोग के लिए जापान में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने 20 जून को टोक्यो विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार में विशिष्ट अतिथि के रूप में आने के लिए सुजुकी के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी को न्यौता भी दिया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा पहले भी सुजुकी मोटर को सहयोग करता रहा है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि भविष्य में सुजुकी मोटर हरियाणा में ही निवेश करेगी। उन्होंने कहा कि सुजुकी मोटर इकलौती ऐसी कंपनी है जिसे हरियाणा राज्य ने एसजीएसटी इनसेंटिव दिया है। इस पर सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने कहा कि वह भारत में हाईब्रिड और सीएनजी गाड़ियों पर फोकस करेंगे। भविष्य में यदि उन्हें ईवी के लिए गाड़ियां बनानी पड़ी और नया प्लांट बनाया तो निश्चित रूप से निवेश के लिए उनकी पहल हरियाणा होगा। उन्होंने कहा कि सुजुकी के साथ हरियाणा सरकार का कम्यूनिकेशन ऐसे ही बना रहे और हरियाणा सरकार का सहयोग मिलता रहे। उन्होंने कहा कि 1982-83 में सुजुकी को शुरू किया था, तब हमने पाया कि भारत और जापान के काम करने का तरीका अलग है लेकिन फिर भी भारत और जापान में बहुत सारी समानता है।

जापान और हरियाणा में सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने के लिए जापान में आयोजित होगा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जापान और हरियाणा के बीच सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने के लिए जून महीने में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन जापान में किया जाएगा। उन्होंने सुजुकी के सीईओ से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दिव्य आयोजन में जापानी नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड को जापान के किसी प्रतिष्ठित सामाजिक संगठन के साथ जोड़ने में सहयोग करने का आग्रह किया। इस पर सीईओ तोशीहिरो ने विचार करने पर हामी भरी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीईओ सुजुकी को 20 जून को टोक्यो विश्ववि‌द्यालय में आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार में बतौर विशिष्ट अतिथि आने का न्यौता भी दिया।

इस पर सीईओ सुजुकी ने कहा कि वह पवित्र ग्रंथ गीता को पढ़ेंगे और इस सेमिनार में शामिल होने की पूरी कोशिश करेंगे। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र और जापान के बीच सिस्टर सिटी का एमओयू करने का आग्रह भी सीईओ तोशीहिरो सुजुकी के समक्ष रखा। उन्होंने इसमें सहयोग करने का आश्वासन दिया।

बायोगैस प्लॉट में और निवेश करेगी सुजुकी

सुजुकी मोटर के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने कहा कि कंप्रेस्ड बायोगैस के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसमें और अधिक निवेश करने की योजना है। अभी 9 बायोगैस प्लांट लगाने की योजना है। इनमें से 2 बायोगैस प्लांट लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खरखौदा प्लांट में सुजुकी स्ट्रॉग हाईब्रिड गाड़ियां का निर्माण करेगी। इसकी प्रोडक्शन और सेल में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए उन्होंने हरियाणा सरकार से सहयोग मांगा। इस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सहयोग देने का आश्वासन दिया। सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने कहा कि नई औद्योगिक पॉलिसी-2026 में स्ट्रॉग हाईब्रिड और सीएनजी गाड़ियों के संबंध में भी कोई न कोई प्रावधान किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हमें अपने शहरों को इस तरह से बसाना चाहिए कि आने वाले 10 या 20 साल बाद उनकी स्थिति अच्छी हो, अच्छी सुविधाएं हों।

बैठक के दौरान पीडब्ल्यूडी, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, महानिदेशक इंडस्ट्रीज यश गर्ग, मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर राजीव जेठली सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion