2026-05-07 01:59:05
हरियाणा / भव्य खबर । सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें प्रदेश भर में पेयजल आपूर्ति की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया गया। बढ़ती गर्मी और पानी की बढ़ती मांग को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र में पेयजल की कमी न होने पाए।
बैठक के दौरान मंत्री श्रुति चौधरी ने अधिकारियों से जिलेवार पेयजल आपूर्ति की रिपोर्ट ली और मौजूदा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पंप लगाकर पानी के टैंकों को समय पर भरना सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ को सतर्क रहना होगा और जहां भी समस्या आती है, उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने पुराने और खराब पड़े पंपों की मरम्मत व बदलाव की प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा।
मंत्री श्रुति चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, प्रदेश में कहीं भी पीने के पानी की कमी नहीं आने दी जाएगी। सरकार प्रदेशवासियों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता पर रख रही है और इसके लिए विशेष कार्य योजना तैयार की गई है। मंत्री ने आम जनता से भी अपील की कि वे पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर विभाग के टोल फ्री नंबर पर सूचित करें ताकि समय पर समाधान किया जा सके।
बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा और प्रदेश के हर कोने में स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।