2026-04-25 18:31:57
चण्डीगढ / भव्य खबर। हरियाणा को देश का प्रमुख लॉजिस्टिक्स और व्यापारिक हब बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने पंजाब के अमृतसर से आए व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात के बाद, अमृतसर की ऐतिहासिक मजीठ मंडी के सूखे मेवे (ड्राई फ्रूट्स) के थोक व्यापार को सोनीपत जिले में विस्तार देने के प्रस्ताव को औपचारिक स्वीकृति दे दी है।
व्यापारियों को हर संभव सहयोग का भरोसा
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को स्वीकृति पत्र सौंपते हुए कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमियों और व्यापारियों का स्वागत करती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों को सोनीपत में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा, पुख्ता सुरक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। CM सैनी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य व्यापारिक सुगमता (Ease of Doing Business) को बढ़ावा देना है।
सोनीपत का राई क्षेत्र बनेगा बड़ा कमर्शियल हब
मुख्यमंत्री ने इस दौरान एक और महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अमृतसर के अलावा दिल्ली के प्रसिद्ध थोक बाजारों-खारी बावली और भगीरथ पैलेस-के व्यापार को भी सोनीपत के राई क्षेत्र में विस्तार देने की मंजूरी पहले ही दी जा चुकी है।
बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
सरकार के इस फैसले से न केवल हरियाणा में व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों नए अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की अनुकूल नीतियों के कारण देश के विभिन्न हिस्सों के व्यापारी अब हरियाणा को अपने कारोबार के लिए पहली पसंद बना रहे हैं।