श्री केदारनाथ धाम में उमड़ रहा आस्था का सैलाब

मात्र चार दिनों में 124782 श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दिव्य दर्शन, राज्य सरकार और जिला प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच सुचारू रूप से संचालित हो रही यात्रा
News

2026-04-25 20:01:00

रुद्रप्रयाग/ भव्य खबर । श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 में श्रद्धालुओं की भारी आस्था देखने को मिल रही है। 22 अप्रैल 2026 को कपाट खुलने के बाद मात्र चार दिनों के भीतर ही रिकॉर्ड 1,24,782 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर लिए हैं। यह आंकड़ा न केवल श्रद्धालुओं के उत्साह को दर्शाता है, बल्कि यात्रा व्यवस्थाओं की मजबूती और सुव्यवस्थित संचालन को भी प्रमाणित करता है।

यात्रा के सुचारू संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। हैलीपैड, ट्रैक रूट तथा संभावित ट्रैफिक प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही संपूर्ण यात्रा की निगरानी कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार की जा रही है, जिससे हर स्थिति पर त्वरित नियंत्रण रखा जा सके।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 4 दिनों से यात्रा सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह व्यवस्थित हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी टीमें मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं। साथ ही, श्री भैरवनाथ जी के कपाट खुलने के साथ ही आज से केदारनाथ धाम में सांयकालीन आरती का शुभारंभ भी किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को एक और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होगा।

इस दौरान केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि केदारनाथ जी के कपाट खुले हुए आज चौथा दिन है और आज भगवान भैरवनाथ जी के कपाट भी खुल गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में केदारनाथ धाम में व्यवस्थाएं बिल्कुल ठीक हैं। प्रत्येक श्रद्धालु को दर्शन का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कुछ अराजक तत्व द्वारा धाम को बदनाम किया जाना बेहद निंदनीय है।

केदार सभा के वरिष्ठ सदस्य उमेश चंद्र पोस्ती ने कहा कि बीकेटीसी एवं जिला प्रशासन के नेतृत्व में अब तक एक लाख से अधिक लोगों ने बाबा केदार के दर्शन कर लिए हैं। उन्होंने कहा सोशल मीडिया के माध्यम से कई लोग असत्य और भ्रामक खबरें फैला रहे हैं।

उन्होंने देश-विदेश के श्रद्धालुओं से निश्चिंत होकर केदारनाथ धाम आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन, सब मिलकर दिन रात व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है। केदारनाथ में किसी तरह की अव्यवस्थाएं नहीं है। मंदिर में दर्शन के लिए यात्रियों के लिए टोकन व्यवस्था की गई है। जिससे जल्दी दर्शन हो रहे हैं।

वहीं, केदार सभा के सदस्य श्री संजय तिवारी ने सभी श्रद्धालुओं का केदारनाथ में स्वागत करते हुए कहा कि अब बाबा भैरवनाथ के कपाट भी खुल गए हैं। उन्होंने कहा शासन, प्रशासन, केदार सभा एवं स्थानीय लोगों द्वारा केदारनाथ आने वाले यात्रियों के ठहरने , दर्शन और खाने के लिए बेहतर व्यवस्था की गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया में केदारनाथ धाम के बारे में चल रही भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप बेहतर से बेहतर व्यवस्थाएं की गई है।

जिला प्रशासन, बदरी केदार मंदिर समिति एवं केदार सभा आदि द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं श्रद्धालु-हितैषी बनाने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion