2026-02-24 16:33:14
चंडीगढ़/ भव्य खबर। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि असंध विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव मुनक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी। आरती सिंह राव ने बताया कि हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री ने 24 जून 2019 को मुनक स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र को पीएचसी में अपग्रेड करने की घोषणा की थी और तदनुसार इसे 20 दिसंबर 2019 को अपग्रेड किया गया। इसके बाद, पीएचसी भवन के निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग को 2 एकड़ भूमि पट्टे पर दी गई और भवन के निर्माण के लिए 3.60 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई। लोक निर्माण विभाग द्वारा 25 जनवरी 2021 को 03.09 करोड़ रुपये का कार्य संविदा एजेंसी को आवंटित भी कर दिया था। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा अधिक भुगतान किए जाने पर जांच की तो एजेंसी ने 20 प्रतिशत कार्य करने के बाद वर्ष 2022 में काम रोक दिया था और उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर दी। एजेंसी द्वारा इस भवन की केवल चारदीवारी का निर्माण किया गया है। इस कार्य पर कुल व्यय 67.12 लाख रुपये हुआ है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा एजेंसी का वर्तमान अनुबंध 20 जून 2024 को समाप्त कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग को भवन निर्माण के लिए अनुमानित बजट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। आरती सिंह राव ने बताया कि आवश्यक स्वीकृतियाँ प्राप्त होने के उपरांत पीएचसी भवन के निर्माण का कार्य लगभग 18 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।