मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट से राज्य का स्वास्थ्य तंत्र होगा मजबूत आरती सिंह राव

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि पिछले वर्ष के स्वास्थ्य बजट से लगभग 33 प्रतिशत की हुई वृद्धि
News

2026-03-03 15:52:26

चंडीगढ़/ भव्य खबर । हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान जो नायाब बजट पेश किया है उससे प्रदेश में स्वास्थ्य तंत्र मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बतौर वित्त मंत्री जो बजट पेश किया है वह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत -2047 के संकल्प की सिद्धि यात्रा में एक अविराम और अथक कदमताल है।

आरती सिंह राव ने बताया कि गत वर्ष 2025-26 में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ₹10,539.96 करोड़ का प्रावधान किया गया था जबकि इस वर्ष 2026-27 में ₹14,007.29 करोड़ का आवंटन किया गया है , यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 32.89% अधिक है। उन्होंने इस बजट के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विभिन्न स्वास्थ्य मानकों में उल्लेखनीय सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि बजट में 30 जून, 2026 तक सभी जिलों में सीटी स्कैन, एमआरआई व डिजिटल एक्सरे मशीनें उपलब्ध करवाने की बात कही गई है। इससे जहां स्वास्थ्य ढांचा मजबूत होगा वही राज्य के लोगों को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बजट में 17 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना करने, 9 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अपग्रेड करने , 100 नये स्वास्थ्य उप केन्द्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने और मेडिकल कॉलेजों में 6 नए कैथ लैब स्थापित करने की घोषणा से मरीजों को अपने घरों के नजदीक ईलाज करवाने की सस्ती सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बिना आमदनी को आधार बनाए निरोगी-हरियाणा योजना के तहत 70 वर्ष से बड़े सभी नागरिकों को निःशुल्क रक्त जांच सुविधा देकर श्री नायब सिंह सैनी ने एक और पुण्य का कार्य किया है। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए चौबीसों घंटे सिजेरियन सेवाएं प्रदान करने वाली एफ.आर.यू. (First Referral Unit) की संख्या 92 से बढ़ाकर 100 करने के कदम को माताओं के हित में उठाया गया ऐतिहासिक कदम बताया है। इसके साथ ही कई स्वास्थ्य केंद्रों में स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट स्थापित किये जाने से शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी और उनकी देखभाल बेहतर हो पाएगी।

आरती सिंह राव ने कहा कि बजट में आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 70 नई एडवांस लाइफ स्पोर्ट एंबुलेंस और 167 नई बेसिक लाइफ स्पोर्ट एंबुलेंस खरीदने की जो बात कही गई है उससे हजारों लोगों की जान बचाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने सोशल मीडिया के दौर में जीवन की वर्तमान भागदौड़ को मानसिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बताया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के लिए उसके हर नागरिक का जीवन महत्वपूर्ण है , इसलिए बढ़ती हुई मानसिक समस्या को गंभीरता से लेते हुए वित्तमंत्री अर्थात मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बजट में प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक परामर्शदाता की नियुक्ति करने की घोषणा की है। ये परामर्शदाता माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में जाकर भी परामर्श सेवाएं प्रदान करेंगे। उन्होंने इस कदम को खासकर युवाओं और बुजुर्गों के लिए जीवनदायिनी पहल बताया है।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion