नई दिल्ली के विश्व युवक केन्द्र में आयोजित जल और लैंगिक समानता का जीवंत संवाद

विश्व जल दिवस के अवसर पर सहभागिता से समाधान की ओर बढ़ता भारत
News

2026-03-22 15:42:34

नई दिल्ली/ भव्य खबर/ बिनोद कुमार सिंह। विश्व जल दिवस के अवसर पर सहभागिता से समाधान की ओर बढ़ता भारत का एक मनोरम दृश्य नई दिल्ली के विश्व युवक केन्द्र में आयोजित की गई।आज का कार्यक्रम केवल औपचारिकता का निर्वाह नहीं था,बल्कि यह एक ऐसा अवसर बनकर उभरा,जहाँ जल संकट और लैंगिक समानता के प्रश्न को गहराई से समझने,महसूस करने और समाधान की दिशा में सामूहिक संकल्प लेने का प्रयास किया गया। युएनओपीएस(UNOPS )द्वारा “जल और लैंगिक समानता” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में नीति,प्रशासन, मानवाधिकार और जमीनी अनुभवों का ऐसा संगम देखने को मिला,जिसने इस विमर्श को जीवंत और प्रभावी बना दिया। आज के कार्यक्रम में मुख्य आयोजक विनोद मिश्रा,युएनओपी एस के कान्ट्री मैनेजर,मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राज भूषण चौधरी केन्द्रीय राज्य मंत्री जल शक्ति मंत्री भारत सरकार तथा विशिष्ट अतिथि भरत लाल की उपस्थिति ने इस आयोजन को गरिमा प्रदान की।आज के मंचीय वक्तव्यों तक सीमित नहीं रही। यह संवाद, सहभागिता और प्रशिक्षण के माध्यम से एक व्यापक सामाजिक संदेश देने में सफल रहा।जल संकट के संदर्भ में जब लैंगिक समानता की बात होती है,तो यह विषय केवल नीतिगत विमर्श नहीं रह जाता, बल्कि यह जीवन की कठोर सच्चाइयों से जुड़ जाता है।अपने उद्बोधन में भरत लाल ने जिस स्पष्टता से इस सच्चाई को सामने रखा, उन्होंने बताया कि देश में लगभग साठ प्रतिशत जल की व्यवस्था महिलाएँ ही करती हैं और इस कार्य में उनका प्रतिदिन लगभग एक घंटा व्यतीत होता है।यह केवल समय का व्यय नहीं,बल्कि उनके जीवन के अवसरों का क्षरण है।उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभवों को साझा करते हुए गुजरात के ग्रामीण क्षेत्रों का उदाहरण दिया, जहाँ जल समितियों का गठन करते समय पचास प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई।इस पहल ने न केवल जल प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया,बल्कि महिलाओं के भीतर आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना को भी मजबूत किया।उनके अनुभवों से यह स्पष्ट हुआ कि जब महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में स्थान मिलता है, तो योजनाएँ केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर सफल होती हैं।आज के मुख्य अतिथि डॉ. राज भूषण चौधरी ने अपने संबोधन में सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश के हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुँचाने का लक्ष्य केवल विकास का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का माध्यम है।उन्होंने सरकारी आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि देश के करोड़ों परिवारों तक नल से जल पहुँच चुका है और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है।उन्होंने कहा किजब घर तक जल पहुँचता है,तो महिलाओं को पानी लाने के श्रम से मुक्ति मिलती है,जिससे उनके जीवन में शिक्षा,स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के नए द्वार खुलते हैं।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार जल प्रबंधन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्राम स्तर पर जल समितियों में उनकी भूमिका को सशक्त किया जा रहा है।आज के कार्यक्रम का जीवंत हिस्सा रहा समूह चर्चा,जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने अपने अनुभव,समस्याएँ और समाधान साझा किए।यह चर्चा किसी औपचारिक संवाद की तरह नहीं थी,बल्कि एक खुला मंच था जहाँ जमीनी सच्चाइयाँ सामने आईं।ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों ने बताया कि किस प्रकार पानी की कमी का सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है।वहीं कुछ प्रतिभागियों ने यह भी साझा किया कि जहाँ महिलाओं को जल प्रबंधन में शामिल किया गया,वहाँ स्थितियाँ बेहतर हुई हैं।इस समूह चर्चा ने यह स्पष्ट कर दिया कि जल संकट का समाधान केवल सरकारी योजनाओं से नहीं,बल्कि सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक चेतना से ही संभव है।यह भी सामने आया कि जब तक समाज के भीतर महिलाओं को बराबरी का स्थान नहीं मिलेगा,तब तक जल प्रबंधन की कोई भी योजना पूर्ण रूप से सफल नहीं हो सकती।कार्यक्रम के दौरान एक और महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रशिक्षण मॉड्यूल पुस्तिका का विमोचन किया गया।यह पुस्तिका केवल एक दस्तावेज नहीं,बल्कि एक मार्गदर्शक के रूप में प्रस्तुत की गई,जिसमें जल प्रबंधन,स्वच्छता और लैंगिक समानता से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया गया है।इस पुस्तिका का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं,बल्कि समुदायों को प्रशिक्षित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।इस प्रशिक्षण मॉड्यूल के माध्यम से यह प्रयास किया गया है कि ग्राम स्तर पर कार्य करने वाले लोग, विशेषकर महिलाएँ,जल प्रबंधन के तकनीकी और सामाजिक पहलुओं को समझें और उन्हें व्यवहार में लागू कर सकें।यह पहल इस बात का संकेत है कि अब जल प्रबंधन केवल योजनाओं तक सीमित नहीं है,बल्कि इसे एक जन आंदोलन बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। विनोद मिश्रा ने अतिथि के स्वागत भाषण मेंअपने विचार रखते हुए कहा कि जल और लैंगिक समानता का मुद्दा वैश्विक स्तर पर भी उतना ही महत्वपूर्ण है,जितना स्थानीय स्तर पर। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं, सरकार और समुदायों के बीच समन्वय स्थापित कर ही स्थायी समाधान संभव है।कार्यक्रम के समापन की ओर बढ़ते हुए यह स्पष्ट हो गया कि यह आयोजन केवल एक दिन की चर्चा नहीं, बल्कि एक दीर्घकालिक सोच और दिशा का प्रतीक है।जल संकट और लैंगिक असमानता जैसे विषयों को अलग- अलग नहीं,बल्कि एक समग्र दृष्टिकोण से देखने की आवश्यकता है। आज का कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि जब नीति,अनुभव और सहभागिता एक साथ आते हैं,तो समाधान की दिशा स्वतः स्पष्ट होने लगती है।यह भी स्पष्ट हुआ कि जल केवल जीवन का आधार नहीं, बल्कि समानता और सम्मान का भी आधार है।आज आवश्यकता इस बात की है कि हम जल को केवल संसाधन के रूप में नहीं,बल्कि एक साझा जिम्मेदारी के रूप में देखें।जब हर व्यक्ति,विशेषकर महिलाएँ, जल प्रबंधन में समान भागीदारी करेंगी,तभी एक संतुलित और समतामूलक समाज की स्थापना संभव होगी।विश्व जल दिवस का यह आयोजन हमें यह संदेश देता है कि समाधान कहीं बाहर नहीं,बल्कि हमारे भीतर और हमारे सामूहिक प्रयासों में निहित है।जब संवाद, सहभागिता और संकल्प एक साथ जुड़ते हैं,तभी परिवर्तन की वास्तविक धारा प्रवाहित होती है।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion