2026-05-07 20:05:55
नई दिल्ली / भव्य खबर । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को नेहरू प्लेस स्थित पुनर्विकसित ‘जन सेवा कनेक्ट’ डाकघर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह दिल्ली के लिए गर्व की बात है कि देशभर में डाकघरों के आधुनिकीकरण और पुनर्विकास की महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत राष्ट्रीय राजधानी से हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा देशभर के 25 हजार डाकघरों के आधुनिकीकरण के फैसले को दूरदर्शी सोच का उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पोस्ट ऑफिस को केवल चिट्ठियों और पार्सल सेवाओं तक सीमित माना जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अब डाकघर बहुउद्देश्यीय जनसेवा केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब पोस्ट ऑफिस में बैंकिंग सुविधाएं, बचत योजनाएं, आधार सेवाएं, पासपोर्ट सेवाएं और कई डिजिटल सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।
रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘जन सेवा कनेक्ट’ की अवधारणा प्रधानमंत्री मोदी की नागरिक केंद्रित शासन व्यवस्था की सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि डाकघरों को आधुनिक पहचान देने के साथ-साथ नागरिकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने पोस्ट ऑफिस के आधुनिक इंटीरियर, कर्मचारियों के कार्यस्थल, बैठने की व्यवस्था और ग्राहक सेवा मानकों की सराहना करते हुए कहा कि डाकघर भारत के सामाजिक और भावनात्मक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस विशाल नेटवर्क को खत्म होने देने के बजाय सरकार ने तकनीक और आधुनिक सेवाओं के जरिए इसे नई पहचान देने का काम किया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पुनर्विकसित डाकघर आधुनिक सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं और भरोसेमंद जनसंपर्क केंद्रों के रूप में उभरेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर इन सेवाओं को हर घर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने के लिए पूरा सहयोग देगी।