2026-05-07 20:50:19
हरियाणा / भव्य खबर । हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने पंजाब में हुए बम धमाकों को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवन्त मान के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवन्त मान सत्ता और शराब के नशे में पूरी तरह मदहोश हो चुके हैं और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। विज ने कहा कि ऐसे बयान देने के लिए उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि भगवन्त मान मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ गृह मंत्री भी हैं और यदि वह यह आरोप लगा रहे हैं कि बम धमाकों के पीछे भारतीय जनता पार्टी का हाथ है, तो उन्हें इसे साबित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि वह ऐसा नहीं कर पाते हैं तो उन्हें अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।
बंगाल हिंसा पर भी साधा निशाना
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेन्दु अधिकारी के पीए की हत्या के मामले में भी अनिल विज ने ममता सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 4 मई को बंगाल की जनता ने गुण्डाराज खत्म करने का काम किया है, लेकिन उससे जुड़े लोग अब भी वहां आतंक फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह ऐसे लोगों का “भूत उतार देंगे” और पश्चिम बंगाल में शांति स्थापित करेंगे। विज ने कहा कि भाजपा पहले से कहती रही है कि बंगाल में कानून व्यवस्था खराब है और अब चुनाव के बाद भी हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं।
ममता बनर्जी पर भी कसा तंज
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए अनिल विज ने कहा कि लोकतंत्र में हार स्वीकार करनी चाहिए, लेकिन ममता बनर्जी पद छोड़ने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने ऐसे नेताओं को हटाने का भी प्रावधान किया है जो इस्तीफा नहीं देना चाहते।
विज ने ममता बनर्जी को “रफड़बाज महिला” बताते हुए कहा कि उनके शासनकाल में हमेशा विवाद और टकराव की स्थिति बनी रही। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अदालत जाना हर व्यक्ति का अधिकार है और इस पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
ऑपरेशन सिंदूर पर बोले- पाकिस्तान को मिला कड़ा संदेश
ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर बोलते हुए अनिल विज ने कहा कि यह दिन भारत के स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पहले आतंकवादी घटनाओं के बाद केवल श्रद्धांजलि देकर जिम्मेदारी पूरी मान ली जाती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस परंपरा को बदल दिया।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाया गया कि अब वह सदियों तक सिर उठाने की हिम्मत नहीं करेगा। विज ने कहा कि यह दुनिया के लिए संदेश है कि भारत की ओर आंख उठाकर देखने वालों को मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।
वंदे मातरम् विवाद पर सख्त प्रतिक्रिया
एआईएमआईएम नेता वारिस पठान द्वारा वंदे मातरम् को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि वंदे मातरम् देश का राष्ट्रीय गीत है और उसका सम्मान राष्ट्रगान के समान है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत का अपमान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। विज ने कहा, “हिन्दुस्तान में रहना है तो वंदे मातरम् गाना होगा।”