2026-09-15 00:23:16
नई दिल्ली / भव्य खबर । दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026-27 को लेकर NSUI ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। “Accountable DU | Accountable DUSU” नाम से जारी घोषणापत्र में छात्र सुविधाओं, शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय से जुड़े 19 प्रमुख मुद्दों को शामिल किया गया है।
नई दिल्ली स्थित NSUI मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की मौजूदगी में घोषणापत्र जारी किया गया। इस दौरान DUSU चुनाव लड़ रहे संगठन के चारों उम्मीदवार भी मौजूद रहे।
NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि घोषणापत्र दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों की आकांक्षाओं और समस्याओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों को ऐसी विश्वविद्यालय व्यवस्था चाहिए जो पारदर्शी, किफायती, समावेशी और जवाबदेह हो।
घोषणापत्र में छात्रों के लिए किफायती आवास और सत्यापित PG-रेंटल पोर्टल, मेट्रो कंसेशन पास, सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिवसीय शैक्षणिक कार्यक्रम और महिला छात्रों के लिए हर महीने दो दिन के मासिक धर्म अवकाश का प्रस्ताव रखा गया है।
इसके अलावा 24×7 रीडिंग लाइब्रेरी और सब्सिडाइज्ड कैंटीन, बेहतर खेल सुविधाएं, मानसिक स्वास्थ्य के लिए काउंसलिंग सेवाएं, SC/ST छात्रों के लिए छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप और करियर सहायता, कैंपस वाई-फाई और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाओं को भी घोषणापत्र में शामिल किया गया है।
NSUI ने FYUP व्यवस्था में सुधार, किफायती फीस, निःशुल्क मूल्यांकन एवं पुनर्मूल्यांकन, बेहतर कैंपस इंफ्रास्ट्रक्चर और छात्रों के लिए कानूनी जागरूकता कार्यक्रमों का भी वादा किया है। साथ ही यौन उत्पीड़न के खिलाफ जीरो टॉलरेंस और लैंगिक संवेदनशीलता एवं समावेशन पर जोर दिया गया है।
घोषणापत्र के साथ NSUI ने “क्या हुआ तेरा वादा?” अभियान भी जारी किया। इसके जरिए संगठन ने DU में छात्रावासों की कमी, मेट्रो कंसेशन पास की लंबित मांग, कैंपस सुविधाओं, छात्र अभिव्यक्ति और प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ व्यवहार जैसे मुद्दों को उठाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से जवाबदेही की मांग की।
NSUI ने कहा कि DUSU चुनाव 2026-27 में संगठन छात्र कल्याण, पारदर्शिता और संस्थागत जवाबदेही को प्रमुख मुद्दा बनाएगा।