2026-04-21 16:29:14
नई दिल्लीभव्य खबर । प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने महिला आरक्षण और आगामी निकाय चुनावों को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 16 से 18 तारीख तक चला महिला आरक्षण और नारी शक्ति को समर्पित विशेष सत्र महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने का एक बड़ा अवसर था, लेकिन विपक्षी दलों ने बहानेबाजी करते हुए इसमें अड़ंगे डालने का काम किया और बिल को गिराने की कोशिश की।
बडौली ने कहा कि इस रवैये के चलते विपक्ष आधी आबादी की नजरों में गिर गया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में देश की महिलाएं विपक्षी दलों को माफ नहीं करेंगी और जब-जब चुनाव होंगे, महिलाएं इस मुद्दे को याद रखेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी थी कि इस महत्वपूर्ण बिल को एकमत से पास किया जाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का जो निर्णय लिया गया था, उसे महिलाएं आज भी याद रखती हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र में बराबरी का अधिकार प्राप्त कर रही हैं।
परिसीमन के मुद्दे पर भी बडौली ने विपक्ष को घेरा और कहा कि इस बिल को भी गिराने का काम विपक्ष ने किया। उन्होंने कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने यह भ्रम फैलाया कि दक्षिण भारत के साथ भेदभाव होगा, जबकि गृहमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ऐसा कोई भेदभाव नहीं होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री भविष्य में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रयास जरूर करेंगे। बडौली ने कहा कि देश में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है और उनके हितों को सर्वोपरि रखा जाएगा।
निकाय चुनावों को लेकर उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों की सूची प्रदेश स्तर पर लगभग तैयार हो चुकी है और अब केवल केंद्रीय नेतृत्व की अंतिम मुहर का इंतजार है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में महिला आरक्षण का मुद्दा प्रमुख रूप से उठेगा।
कांग्रेस के जीत के दावों पर पलटवार करते हुए बडौली ने कहा कि कांग्रेस हर बार ऐसे दावे करती है, लेकिन इस बार भी उसका खाता नहीं खुलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा की तरह इस बार भी चुनाव में जीत हासिल करेगी।