2026-04-21 16:39:28
नई दिल्ली भव्य खबर । सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने प्रदेश में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ संबंधी सभी आवश्यक कार्यों के लिए इस सप्ताह के भीतर निविदाएं (टेंडर) आमंत्रित की जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की देरी से बचा जा सके।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून से पहले सभी नहरों, ड्रेनों और जल निकासी प्रणालियों की व्यापक सफाई और मरम्मत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना बेहद जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
श्रुति चौधरी ने जोर देते हुए कहा कि विभागीय स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी रखने और जमीनी स्तर पर काम की प्रगति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और बाढ़ प्रबंधन को लेकर हर संभव तैयारी की जा रही है, ताकि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।